Write what you are looking for and press enter to begin your search!
मेरठ। मवाना स्थित एएस कॉलेज में प्रबंध समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनाव प्रक्रिया में अखिल भारतीय वैश्य शक्ति वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र गोयल को अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, जिसमें प्रमुख चेहरों ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
किला परिक्षतगढ़ के पूर्व चैयरमेन अमित मोहन ‘टीपू’ को मंत्री, आदेश शर्मा को उपाध्यक्ष, वैश्य शक्ति वाहिनी के कार्यकारिणी सदस्य गौरव गर्ग को संस्थापक सदस्य, अशोक मित्तल को संरक्षक सदस्य और रवीश गुप्ता को उपमंत्री पद पर निर्वाचित किया गया।य इसके अलावा विकास मित्तल, मनोज गुप्ता, अनुज मित्तल, नीरज गोयल और पल्लव गुप्ता को सदस्य पद पर नियुक्त किया गया। ज्ञात हो कि विरोध में अन्य नामांकन नहीं होने की वजह से सभी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव अधिकारी विनोद गुप्ता की देखरेख में पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई।

अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करने के बाद देवेंद्र गोयल ने कहा, “मैं कॉलेज की बेहतरी और विकास के लिए पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ कार्य करूंगा।”
एएस कॉलेज की नई प्रबंध समिति का शपथ ग्रहण समारोह 25 मई को आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम मवाना स्थित उत्सव मंडप में होगा, जिसमें सभी नव निर्वाचित पदाधिकारी शपथ लेंगे।
शुभकामनाएं देते हुए वैश्य मंच जनपद मेरठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज केशरी ने कहा, “देवेंद्र गोयल एक ऐसी शख्सियत जो लगभग 35 वर्षों से सेवा कार्य कर रहे हैं। हमें आशा ही नही पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल एवं ईमानदार नेतृत्व में कॉलेज तरक्की कर नए आयाम स्थापित करेगा।
इस मौके पर वैश्य मंच के अध्यक्ष जेपी गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद गर्ग, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ब्रजदेव गुप्ता और राष्ट्रीय महामंत्री मुकेश बंसल समेत अन्य लोगों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की।